Responsive Menu
Add more content here...
November 26, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

अर्श से आज फर्श पर अ…!

By Shakti Prakash Shrivastva on April 16, 2023
0 608 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

           प्रयागराज में पुलिसवालों-मिडियावालों की मौजूदगी में बदमाशों की गोलियों का शिकार खौफ का पर्याय माफिया अतीक आज फर्श पर निर्जीव पड़ा हुआ है। इतिहास गवाह है कि जरायम की दुनिया के बादशाहों का अंत कुछ ऐसे ही होता है। कुछ एक मसलों में अंत के तरीकों में भले फरक हो जाए लेकिन अंजाम एक जैसा ही होता है। उत्तर प्रदेश का इतिहास ऐसे ढेरों गैंगस्टरों से भरा पड़ा है। जिन्होंने न केवल इलाकाई समाज पर दबंगई के बलबूते बेखौफ राज किया बल्कि बाहुबली से माननीय भी बन गए। उन्ही में एक नाम अतीक अहमद का भी है। प्रयागराज यानि साठ के दशक वाले इलाहाबाद के चकिया मुहल्ले में तांगा चालक फिरोज के बेटे अतीक का जन्म 1962 में हुआ। पढ़ाई में रुचि न होने की वजह से 10 वीं में फेल होने के बाद गलत संगत की वजह से अतीक का रुख कम समय में अधिक पैसा कमाने की तरफ हो गया। उसकी यही आदत जिंदगी में उसे गलत और गलत मुकाम तय कराती गई। बदमाशों के संगत में रंगदारी, मारपीट, लूट, अपहरण जैसी वारदात को अंजाम देने लगा। 1997 में इसके ऊपर पहला मुकदमा दर्ज हुआ। उन दिनों प्रयागराज में चांदबाबा नाम के बदमाश का खासा दबदबा था। उससे आमजन से लगायत पुलिस तक परेशान थी। पुलिस से मिली शह पर एक दिन अतीक ने चांदबाबा की हत्या कर दी। फिर क्या था। बड़ी तेजी से इसका नाम इलाके में बदमाश के तौर पर उभर गया।  बाद में उसे बचाव के लिए शासन सत्ता की आवश्यकता महसूस होने लगी। 1989 में इलाहाबाद शहर पश्चिमी से निर्दलीय चुनाव लड़ विधायक बन गया। बाद में समाजवादी पार्टी, अपना दल में रहते पाँच बार विधायक और फूलपुर से एक बार सांसद बना। अतीक अहमद ने 1996 में शाइस्ता परवीन से निकाह किया। अतीक के पांच बेटे हैं- मोहम्मद उमर, मोहम्मद अली, असद अहमद और दो नाबालिग बेटे। बड़े बेटे मोहम्मद उमर और मोहम्मद अली लखनऊ और नैनी जेल में बंद हैं। उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी और पाँच लाख का इनामिया तीसरा बेटा असद 13 अप्रैल को शूटर गुलाम के साथ झांसी में हुए पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। जबकि छोटे दोनो नाबालिग बेटे मोहम्मद अहजम और मोहम्मद आबान बाल सुधार गृह में हैं। जेल में बंद एक बेटा मोहम्मद उमर दो लाख का इनामी है इस पर रंगदारी का आरोप है। पिछले साल अगस्त में उसने सीबीआई के सामने सरेंडर कर दिया था। जबकि दूसरे बेटे मोहम्मद अली पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। अतीक की पत्नी प्रयागराज शूटआउट के बाद से ही फरार है। उसके ऊपर भी 50 हजार का इनाम है। भाई अशरफ बरेली जेल में बंद है। पिछले दिनों उमेश पाल हत्याकांड मामले में ही अतीक को अहमदाबाद जेल से और अशरफ को बरेली जेल से प्रयागराज लाया गया था। पेशी के बाद पुलिस ने कोर्ट से चार दिन की रिमांड पर ले कर दोनों से पूछताछ कर रही थी। शनिवार की रात मेडिकल कालेज में रूटीन चेक अप के लिए जाने पर वहा मीडिया से बातचीत के दौरान ही पत्रकारों के सवालों का जवाब देते वक्त ही रिपोर्टर बने बदमाशो ने अतीक पर गोली दाग दी। देखते देखते मची भगदड़ में तीन बदमाशो ने कई राउंड गोलियां दाग अतीक और अशरफ की हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों को ही मौके पर पकड़ लिया है। इस तरह चौवालिस साल का अतीकी खौफ का इस तरह अंत हो गया। अब अंत के तरीकों पर उँगलियाँ उठेंगी। आखिर कैसे सुरक्षा में कमी हो गई आदि-आदि क्योंकि अतीक और अशरफ वारदात के वक्त जुडीशीयल कस्टडी में थे। लेकिन अंत तो अंत है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *