Responsive Menu
Add more content here...
November 26, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

जलमार्ग की शुरुआत का साक्षी गंगा विलास क्रूज

By Shakti Prakash Shrivastva on January 14, 2023
0 609 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

देश में थल और नभ मार्ग के बाद अब जलमार्ग की शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से किया। इसका साक्षी बना गंगा विलास क्रूज। दुनिया का सबसे लंबा यह रिवर क्रूज गंगा विलास शुक्रवार को स्विट्जरलैंड के 32 पर्यटकों के साथ वाराणसी से बांग्लादेश के रास्ते असम के डिब्रूगढ़ के लिए निकल पड़ा। लगभग 3200 किलोमीटर की यह यात्रा क्रूज 51 दिनों में पूरी करेगा। इस दौरान 27 नदियों के साथ 50 पर्यटक स्थल जुड़ेंगे। क्रूज में फर्नीचर, क्रॉकरी, कमरों के रंग व डिजाइन आदि में 1960 के बाद के भारत की झलक दिखेगी।

आत्मनिर्भर भारत का दिग्दर्शन कराने वाले इस क्रूज का इंटीरियर देश की संस्कृति और धरोहर को ध्यान में रखकर किया गया है। इसमें सफेद, गुलाबी, लाल और हल्के रंगों का इस्तेमाल किया गया है। वुडेन फ्लोरिंग और रंगों में ऐसा समन्वय है जो पर्यटकों को पसंद आ रहा है। गंगा क्रूज के निदेशक राज सिंह की मुताबिक यह क्रूज पूरी तरह से भारत में निर्मित हैं। क्रूज पर कुल 40 क्रू मेम्बर हैं। क्रूज की लंबाई साढ़े 62 मीटर और चौड़ाई 12.8 मीटर है। इसमें पर्यटकों के रहने के लिए कुल 18 सुइट्स हैं। साथ में एक 40 सीटर रेस्टोरेंट, स्पा रूम और तीन सनडेक हैं। इसमें म्यूजिक का भी इंतजाम किया गया है। 32 पर्यटकों सहित कुल 80 यात्रियों के ठहरने की सुविधा है।

इसमें एक सुइट की बुकिंग 38 लाख रुपये में हुई हैं। इसे कई यात्रियों ने मिलकर बुक किया है। ऐसे में एक यात्री के हिस्से में 13 लाख रुपए का खर्च आया है। क्रूज पर अलग-अलग ट्रेवल स्लॉट के लिए किराया अलग अलग है। जैसे चार दिवसीय इनक्रेडिबल बनारस पैकेज की कीमत 1.12 लाख रुपये है। इस पैकेज में गंगा घाट से लेकर रामनगर तक का पर्यटन शामिल है। बनारस में एक दिन की यात्रा का किराया 300 डॉलर यानी करीब 25 हजार रुपये है। कोलकाता-बनारस पैकेज का किराया 4 लाख 37 हजार 250 रुपये है। कोलकाता से बांग्लादेश की राजधानी ढाका तक की यात्रा का किराया भी इतना ही है। कोलकाता से मुर्शिदाबाद राउंड ट्रिप (आठ दिन) के लिए 2 लाख 92 हजार 875 रुपये देने होंगे।

क्रूज पूरी तरह से इको फ्रेंडली है। कचरों को एक जगह एकत्र कर सुरक्षित रूप से निस्तारित किया जाता है। प्रदूषण का स्तर शून्य रखने के र्लिए इंधन के रूप में हाई स्पीड डीजल का इस्तेमाल किया जा रहा है। क्रूज में 60 हजार लीटर पानी स्टोर करने की क्षमता है।

गंगा विलास क्रूज की अपस्ट्रीम रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा है जबकि डाउनस्ट्रीम में रफ्तार दोगुनी हो जाती है। क्रूज का एक दिन में एक हजार लीटर डीजल की खपत है। इसकी ईंधन क्षमता 40 हजार लीटर की है। क्रूज के लिए पानी की गहराई 1.4 मीटर होनी चाहिए। बनारस से डिब्रूगढ़ की यात्रा के दौरान पर्यटकों के लिए 40 शहरों में ठहरने और घूमने के इंतजाम किए गए हैं। गंगा विलास क्रूज की आधिकारिक जलयात्रा हालांकि सितंबर से शुरू हो रही है लेकिन अभी ही क्रूज की बुकिंग अगले दो वर्षों के लिए फुल हो गई।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *