Responsive Menu
Add more content here...
October 8, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

बदस्तूर जारी है अतीक की रंगदारी !

By Shakti Prakash Shrivastva on July 29, 2023
0 499 Views

                शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

          प्रयागराज और उसके आसपास के इलाकों में लगभग चार दशकों तक आतंक का पर्याय रहे माफिया डान अतीक अहमद और उसके माफिया भाई अशरफ अहमद की मौत के बाद भी इलाके में आज भी रंगदारी जैसे दुस्साहसिक आपराधिक मामले बदस्तूर जारी है। बेशक माफिया अतीक और उसके भाई अशरफ की पुलिस कस्टडी में बीते 15 अप्रैल को प्रयागराज के एक अस्पताल में गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। लेकिन उनके मौत के बाद भी इलाके में उसके नाम पर रंगदारी मांगने जैसी वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। इस तरह का आपराधिक कृत्य और कोई नहीं बल्कि उसके कुनबे के उसके ही नजदीकी रिश्तेदार कर रहे हैं। अभी 15 जुलाई को रंगदारी मांगे जाने के एक मामले में अतीक के बहनोई मो. अहमद को पूरामुफ्ती पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जाफ़र कालोनी निवासी साबिर हुसैन ने मो॰ अहमद के ऊपर दस लाख रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। साबिर जाफरी कालोनी स्थित 60 फीट रोड पर प्लाटिंग का काम करता है।

पुलिस की मुताबिक साबिर नाम का प्रापर्टी डीलर छह जुलाई को अपने एक ग्राहक को एक जमीन दिखाने 120 फीट रोड पर स्थित कालिंदीकुंज गेस्ट हाउस के पीछे गया हुआ था। उसी समय वहाँ माफिया अतीक अहमद का भांजा जका, मो. वैश व मुजम्मिल और शकील पहुँच गए। उन लोगों ने बेवजह गालियां देते हुए वहाँ से भाग जाने को कहा। मेरे द्वारा वीडियो बनाये जाने पर मोबाइल जबर्दस्ती छीन लिया और कहा कि इस इलाके में अगर कोई प्लाटिंग का काम करेगा तो उसे 10 लाख रुपये देना पड़ेगा। वरना यहाँ कारोबार नहीं कर पाओगे। उस समय तो कुछ नहीं लेकिन 15 जुलाई को जब वह मोबाइल लेने जका के मरियाडीह रोड स्थित घर पर गया तो वहां जका, उसके वालिद मो. अहमद और उसकी माँ बाहर निकली। अभी साबिर उन लोगों से बात कर ही रहा था कि जका ने मो. वैश व राशिद उर्फ नीलू को बुला लिया। इन लोगों ने मिलकर उसपर हमला कर दिया। 10 लाख रुपये रंगदारी भी मांगी। हाथ जोड़ने पर किसी तरह 10 दिन का वक्त देकर छोड़ा। पूरामुफ्ती थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह की मुताबिक मामले के आरोपी और माफिया अतीक अहमद के बहनोई मो. अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके बेटे, पत्नी समेत अन्य छह आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार मो. अहमद, अतीक का बहनोई होने के साथ ही चर्चित उमेशपाल हत्याकांड के आरोपी प्रॉपर्टी डीलर खालिद जफर का ससुर भी है। खालिद जफर पर आरोप है कि उसने शाइस्ता परवीन व उसके बेटों की लगातार आर्थिक मदद की थी। उसे गाड़ी भी मुहैया कराई थी। अतीक के बहनोई को जिस मुकदमे में गिरफ्तार किया गया, उसका वादी साबिर तीन महीने पहले भी धूमनगंज में अतीक अहमद, उसके बेटे अली समेत 13 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसका आरोप था कि चकिया स्थित उसके घर पर आकर अतीक के कहने पर आरोपियों ने उससे एक करोड़ रुपये रंगदारी मांगी। इसी मामले में अतीक का गुर्गा असाद कालिया गिरफ्तार किया गया था।

इस तरह की वारदातों से ऐसा लगता है कि भले ही माफिया अतीक और उसका भाई अशरफ आज इस दुनिया में नहीं है लेकिन उनके आतंक का खौफ अभी भी इलाके में बना हुआ है। उनके नाम का लोगों पर धौंस जमाकर रंगदारी अभी भी मांगी जा रही है। अब प्रशासन को इन वरदातों को गंभीरता से संज्ञान लेते हुए इनके स्थायी समाधान की व्यवस्था करना होगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *