Responsive Menu
Add more content here...
October 8, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

किसान फिर भरेंगे हुंकार

By Shakti Prakash Shrivastva on January 16, 2023
0 513 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ सालों-साल दिल्ली और आसपास की सड़कों पर डेरा डाल विरोध प्रदर्शन करने वाले किसान एक बार फिर हुंकार भरने की तैयारी में हैं। हालांकि किसानो के विरोध प्रदर्शन की वजह से ही उस समय सरकार ने घोषित किए जा चुके कृषि क़ानूनों को वापस ले लिया था। इस बार देश में किसान हितों के सबसे बड़े हिमायती भारतीय किसान यूनियन का टिकैत गुट और भानु गुट दोनों ही अपने-अपने तरीके से केंद्र सरकार का विरोध करने की तैयारी कर रहा है।

इन दिनों प्रयागराज के माघमेला क्षेत्र में इनके अधिवेशन चल रहे हैं। यूनियन के टिकैत गुट का पाँच दिवसीय अधिवेशन जहां 18 जनवरी को समाप्त हो रहा है वहीं भानु गुट की महापंचायत 15 जनवरी को समाप्त हो गयी। भानु गुट की तरफ से किसान आयोग के गठन की मांग को लेकर फरवरी माह में विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। जबकि टिकैत गुट सरकार से न्यूनतम समर्थन मूल्य समेत 21 मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन करने के मूड में है। टिकैत गुट इसी अधिवेशन में अपने छः महीने के विरोध कार्यक्रम की रूपरेखा को भी अंतिम रूप देगा।

किसान नेता राकेश टिकैत की मुताबिक यूनियन की तरफ से 26 जनवरी को ट्रैक्टर दिवस मनाया जाएगा। इस दिन किसान हर जिले में झंडारोहण के बाद ट्रैक्टर पर झंडा लगाकर मार्च निकालेंगे। इसके बाद हरियाणा में आयोजित होने वाले यूनियन के मुख्य आयोजन में मार्च में होने वाले दिल्ली आंदोलन की तारीख तय की जाएगी।
अधिवेशन में किसानों ने एमएसपी की कानूनी गारंटी, गन्ना किसानों के भुगतान, किसानों पर मुकदमा आदि बिंदुओं को लेकर सरकार के प्रति नाराजगी जताई।

यूनियन के भानु गुट ने अपने महापंचायत के अंतिम दिन 15 जनवरी को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी एसडीएम को सौंपा। गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह की मुताबिक किसान आयोग की मांग को लेकर अब किसान चुप नहीं बैठेंगे। फरवरी के पहले सप्ताह तक आयोग संबंधी कुछ निर्णय नही हुआ तो यूनियन देशव्यापी आंदोलन छेड़ेगा।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *