Responsive Menu
Add more content here...
June 20, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

फिर कोरोना अलर्ट…

By Shakti Prakash Shrivastva on December 21, 2022
0 461 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

अभी ठीक से एक साल भी नहीं बीते होंगे कि फिर से प्रदेश में कोरोना जैसी महामारी के भय के बादल मंडराने लगे हैं। इन दिनों जिस तरह चीन में तेजी से कोरोना अपना पैर पसार रहा है उसको देखते हुए एक बार फिर प्रदेश में कोरोना को लेकर राज्य सरकार अलर्ट मोड में आ गयी है। बकायदे सरकार के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक की तरफ से इस बाबत दिशा-निर्देश भी जारी कर दिया गया है। अलर्ट के बाबत बुधवार को जारी दिशा-निर्देश में स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग में जांच से लेकर उपचार तक की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। सभी एयरपोर्ट पर चौकसी बढ़ाते हुए संक्रमण प्रभावित देशों की यात्रा से वापस आ रहे लोगों की जांच करना अनिवार्य करने की हिदायत दी गयी है। इसके अलावा टेस्ट में जिन मरीजों में कोरोना पॉजिटिव पाया जाए उन मरीजों की जिनोम सीक्वेंसिंग भी कराई जाए। जिससे वायरस के वैरिएंट का पता लगाया जा सके। सर्दी-जुकाम और बुखार जैसे लक्षणों वाले लोगों को चिन्हित करते हुए उनके नमूने ले उसकी जांच कराई जाए। जो यात्री कोरोना प्रभावित देशों से वापस आ रहे हैं उन्हे होम आईसोलेशन में रहने की सलाह दी जाए। विभाग बकायदे ऐसे लोगों की सूची भी बनाए और लगातार 12 से 14 दिन तक उनके  स्वास्थ्य का हाल लें। किसी भी तरह की परेशानी होने पर उन्हें उपचार उपलब्ध कराया जाए। कोविड संक्रमितों की भर्ती की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए उनके लिए ऑक्सीजन से लेकर आरटीपीसीआर, सीटी स्कैन, एक्सरे, पैथोलॉजी की जाँच से जुड़े संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था किए जाने का निर्देश दिया गया है। कहा गया है कि मास्क, पीपीई किट व ग्लब्स सहित उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की भी पर्याप्त मात्रा में इंतजाम किया जाए।

उपमुख्यमंत्री श्री पाठक ने यह भी निर्देशित किया कि जांच से लेकर इलाज तक में किसी तरह की कोई लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। इन दिनों प्रदेश में प्रतिदिन दो से तीन मरीज मिल रहे हैं। इसके अलावा दुनिया के कई ऐसे देश हैं जहां कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है। उसी संदर्भ में प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। श्री पाठक ने कहा कि सावधानी बरतकर कोविड के खतरों से खुद को बचाया जा सकता हैं। भीड़-भाड़ में बिना जरूरत जाने से बचें। मास्क लगाकर ही बाहर निकलें। उन्होने कोविड प्रोटोकाल का गंभीरता से पालन करने को भी कहा। ऐसा कर काफी हद तक इससे बचा जा सकता है। प्रदेश के 21 जिलों में कोविड के कुल 95 मरीज मौजूद हैं। इनमें वाराणसी में 33, रायबरेली में 12, मेरठ में 7, गाजियाबाद में पांच, कुशीनगर में पांच, अंबेडकरनगर में चार और अमरोहा, एटा व गोंडा में तीन-तीन और अन्य जिलों में इससे कम मरीज हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *