Responsive Menu
Add more content here...
June 20, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

बीजेपी अध्यक्ष वही, जिसे योगी कहें सही

By Shakti Prakash Shrivastva on March 19, 2025
0 359 Views

                                                                              शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

उत्तर प्रदेश में इन दिनों संगठन चुनाव का समय चल रहा है। पार्टी ने जिला और महानगर के अधिकांश अध्यक्षों के नामों को घोषित कर दिया है। इसके बाद अब प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इस महीने के अंत तक फाइनल कर लिए जाने वाले अध्यक्ष के बारे में ऐसा माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में पार्टी का अध्यक्ष वही होगा जिसके नाम पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुहर लगेगी। क्योंकि पार्टी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में इस बार किसी तरह का कोई जोखिम नहीं लेना चाहती है। इसलिए यह तय है कि प्रदेश की सियासत के लिए आवश्यक सभी औपचारिक्ताओं के बाद जो नाम फाइनल होगा उसमें यह भी देखा जाएगा कि मुख्यमंत्री योगी से और उस व्यक्ति विशेष का तालमेल कैसा है। अगर तालमेल का संकट नहीं होगा तो उसकी ताजपोशी कर दी जाएगी।

रविवार को प्रदेश के 98 जिला और महानगर अध्यक्षों में 70 के नाम घोषित कर दिए गए। पार्टी संविधान की मुताबिक प्रदेश के पचास फीसद से अधिक जिलाध्यक्षों के चयन के बाद प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव किया जा सकता है। ऐसे में अब प्रदेश अध्यक्ष चयन पर चर्चा शुरू हो गई है। इसके लिए कई नाम  चर्चा में है। पार्टी सूत्रों की मुताबिक इस बात की भी चर्चा है कि पार्टी 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव की तरह इस बार भी किसी ओबीसी चेहरे पर दांव लगा सकती है। 2017 के चुनाव के समय केशव प्रसाद मौर्य प्रदेश अध्यक्ष थे और तब पार्टी को 312 सीटों पर विजय मिली थी। इसी तरह 2022 के विधानसभा चुनाव के वक्त कुर्मी बिरादरी से ताल्लुक रखने वाले स्वतंत्र देव सिंह अध्यक्ष थे तब पार्टी को 255 सीटों पर विजय मिली थी। इसलिए इस बार भी किसी ओबीसी होने के कयास लगाए जा रहे है। जबकि पार्टी में एक तबका ऐसा भी है जो चाहता है कि प्रदेश का एक बहुत बड़ा ब्राह्मण तबका सरकार से नाराज चल रहा है। ऐसे में ब्राह्मण तबके को अपने पाले में करने के लिए किसी ब्राह्मण चेहरे को भी पार्टी चुनाव मैदान में उतार सकती है। इस समय पार्टी फोरम पर इस चयन को लेकर गंभीर मंथन चल रहा है।

ओबीसी के जिन नामों पर चर्चा चल रही है उनमें केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, जलशक्ति मं‌त्री स्वतंत्र देव सिंह, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह और सांसद बाबू राम निषाद के अलावा प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य के नाम प्रमुख है। इन सभी से मुख्यमंत्री योगी के रिश्ते बेहतर हैं। अगर किन्ही समीकरणों के तहत ओबीसी पर बात नहीं बनती है तो फिर ब्राह्मण चेहरे पर भी दाँव लगा सकती है पार्टी। ब्राह्मण चेहरों में पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के अलावा पूर्व डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक के नाम चर्चा में हैं। डॉ. दिनेश शर्मा का नाम इन सब पर भारी है क्योंकि श्री शर्मा केन्द्रीय नेतृत्व के साथ-साथ मुख्यमंत्री योगी के भी पसंदीदा हैं।

फिलहाल पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल को चुनाव अधिकारी बनाया है। इन्हे चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करनी है। इस महीने के अंत तक नाम की घोषणा हो जानी है। बीजेपी जिसे भी प्रदेश अध्यक्ष बनाएगी, उसी की अगुआई में पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *