Responsive Menu
Add more content here...
June 20, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

CM योगी आदित्यनाथ ने बताया गोरखपुर में अधिक विकास होने की वजह

By Shakti Prakash Shrivastva on November 27, 2022
0 521 Views

शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

उत्तर प्रदेश में बीजेपी की योगी सरकार बनने के बाद से राज्य में निःसंदेह चतुर्दिक विकास हो रहा है। इसको प्रदेश की जनता आज बखूबी एहसास भी कर रही है। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कर्मस्थली गोरखपुर में हो रहे विकास का खुलासा आज गोरखपुर में स्वयं मुख्यमंत्री योगी ने ही किया। दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने आज गोरखपुर को 1822 करोड़ रुपये की 4 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए यह खुलासा किया। वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कालेज परिसर में आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में समान विचारधारा वाली डबल इंजन की सरकार होने की वजह से राज्य में तेजी से विकास कार्य संभव हो पा रहा है। गोरखपुर में स्थानीय स्तर पर भी समान विचारधारा वाली सरकार होने यानि ट्रिपल इंजन की सरकार होने की वजह से यहाँ विकास की गति बुलेट ट्रेन की रफ्तार से हो पा रहा है। स्थानीय सरकार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गोरखपुर जिले में सभी 9 विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और महापौर बीजेपी का होने का ही परिणाम है कि यहां तीव्र गति से विकास कार्य संभव हो पा रहा है। जीवन में विकास के महत्व का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विकास से ही नागरिकों के जीवन में परिवर्तन आता है, रोजगार का सृजन भी होता है। उन्होंने कहा कि पहले माफिया, अराजकता और अव्यवस्था के लिए बदनाम गोरखपुर को प्रदेश सरकार ने विकास के मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया है। 2017 के पहले और अब में तुलना करते हुए मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। इस बाबत बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं और 1990 में बंद खाद कारखाना की जगह नया कारखाना निर्माण का जिक्र किया। सैनिक स्कूल निर्माण सहित गोरखपुर में हर मार्ग फोरलेन होने, गोरखपुर-लखनऊ मार्ग के प्रस्तावित सिक्सलेन, गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु आदि प्रमुख शहरों के लिए 14 फ्लाइट होने का उदाहरण दिया। यह भी कहा कि आज गोरखपुर में फिल्मों की शूटिंग हो रही है। गोरखपुर में चार विश्वविद्यालय क्रियाशील हैं। आज गोरखपुर शिक्षा व चिकित्सा का हब बन चुका है। नागरिकों के सहयोग की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यहां के नागरिकों ने विकास कार्यों में कभी बाधा नहीं डाली। शहर में सड़कों-नालियों का निर्बाध निर्माण इसके उदाहरण हैं।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने 474.42 करोड़ की लागत वाले गोड़धोइया नाला एवं रामगढ़ताल के जीर्णोद्धार संबंधी परियोजना, 561.34 करोड़ रुपये वाली गोरखपुर सीवरेज योजना जोन सी पार्ट 2, 96.50 करोड़ रुपये लागत की बरगदवा-कौवाबाग जेल बाईपास फोरलेन पर खजांची चौराहे पर फ्लाईओवर सहित 689.35 करोड़ रुपये की लागत वाली भटहट से बासस्थान मार्ग के फोरलेन में चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया। इस मौके पर उन्होंने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों में प्रमाणपत्र भी वितरित किया।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *