Responsive Menu
Add more content here...
April 18, 2026
ब्रेकिंग न्यूज

Sign in

Sign up

धर्म के इर्द-गिर्द आमने-सामने की सियासत

By Shakti Prakash Shrivastva on February 27, 2025
0 263 Views

                                                                           शक्ति प्रकाश श्रीवास्तव

प्रयागराज में आयोजित हुए सनातनी आस्था के महाकुम्भ ने जहां देश-दुनिया में सनातन धर्मावलम्बियों के बीच आध्यात्म और संस्कृति को पहले की तुलना में मजबूती दी है वहीं उत्तर प्रदेश की सियासत के लिए मुद्दा भी दे दिया है। क्योंकि जबसे महाकुंभ की शुरुआत हुई है उत्तर प्रदेश की सियासत गरमाई हुई है। इसमें अहम बात ये है कि सियासी गर्मी के मूल में यहाँ धर्म है।

प्रयागराज में संगम तट पर इस बार लगभग चालीस दिनों तक चलने वाले आध्यात्मिक आस्था और विश्वास का अनूठा आयोजन, महाकुंभ के रूप में हुआ। इसमे देश-विदेश से आए लगभग पैंसठ करोड़ श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। स्वच्छता के साथ-साथ अति सुरक्षित  और व्यवस्थित इस आयोजन में शिरकत लेने वाले प्रत्येक श्रद्धालु ने आयोजन के सुप्रबंधन के लिए प्रदेश में काबिज बीजेपी सरकार और उसके मुखिया योगी आदित्यनाथ की जमकर सराहना की। उनकी निगाह में आयोजन न भूतो न भविष्यति जैसा है। श्रद्धालुओं ने भले ही अपनी धार्मिक आस्था के चलते इस आयोजन को अतुलनीय बताया लेकिन सियासत के चश्मे से इसे इसी तरह नहीं देखा गया। बल्कि इसे कुतर्क आधारित सियासत का मुद्दा बना दिया गया।

एक तरफ महाकुंभ आयोजन को जहां सत्ताधारी बीजेपी आदि ने दिव्य और भव्य बताया वहीं सपा-कांग्रेस जैसे विपक्ष ने इसे अपनी कसौटी पर झूठा साबित करने की हर संभव कोशिश की। जबाव-सवाल में सपा मुखिया और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भाषा और पहनावे को लेकर जमकर हमला बोला। समाजवादी पार्टी की तरफ से एक्स हेन्डिल पर अखिलेश यादव का एक वीडियो डाला गया है। जिसमे अखिलेश कह रहे हैं कि क्या भगवा कपड़ा पहनने से कोई योगी हो जाता है? पूरे देश में जो सनातनी है उन्होने रामायण देखा है और वो ये जानते हैं कि जब सीता माँ का हरण करना था तो रावण साधू वेश में ही आया था। इसलिए हमें और आप को सावधान रहना होगा। सपा मुखिया के अलावा विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने भी योगी का नाम लिए बगैर कहा कि जैसे कृष्ण से कंस ड़रा रहता था वैसे ही अखिलेश से कुछ लोग डरे रहते हैं। माता प्रसाद के इस बयान पर भी सियासत होने लगी है। सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस पर पलटवार करते हुए पार्टी को गुंडों, माफियाओं और दंगाईयों की पार्टी बना दिया। उन्होने कानून की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त होने की स्थिति में कहा कि मौजूदा हालात मे ये सभी डरे हुए हैं। क्योंकि अब वो समय चला गया जब समाजवादी पार्टी के गुंडों से लोग डरते थे। अब कानून-व्यवस्था इतनी चुस्त दुरुस्त है कि बड़े-बड़े अपराधी पुलिस से डरते हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधी अब या तो प्रदेश छोड़ रहे हैं या फिर जेल जा रहे हैं।

इनके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी विपक्षी आक्षेपों का डटकर जवाब देते हैं। उन्होंने विपक्षी दलों के नेताओं की टिप्पणी पर कहा कि जो जैसा उसे वैसा यही दिखता ही। अब तक 64 करोड़ श्रद्धालु इस दिव्य आयोजन में शामिल हो चुके हैं, जो कि विश्व के किसी भी धार्मिक आयोजन में शामिल होने वाले लोगों की संख्या से कहीं अधिक है। सीएम ने कहा कि महान कार्यों के प्रति समाज का रवैया तीन चरणों से गुजरता है – उपहास, विरोध और स्वीकृति। यही हाल राम मंदिर निर्माण और महाकुंभ आयोजन के दौरान भी देखने को मिला। पहले विपक्ष ने तंज कसे, फिर विरोध किया, लेकिन अंततः वे भी इसी आस्था में समर्पित हो गए।

इस तरह उत्तर प्रदेश में पक्ष और विपक्ष के बीच धर्म के मुद्दे पर आमने-सामने बहस छिड़ी हुई है। यह बहस महाकुंभ के बाद भी कब तक चलेगा इसके बारे में कुछ निश्चित नहीं है। इसमें दलों के बड़े-छोटे सभी तरह के नेता शामिल हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *